खबर सच है संवाददाता
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में पंतनगर के पास टांडा के जंगल में सड़क किनारे एक युवक का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस को आशंका है कि हत्या केबाद शव को जंगल में ठिकाने लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच विभिन्न कोणों से कर रही है।
शव को सबसे पहले वन विभाग के कर्मचारियों ने देखा था, जिन्होंने पंतनगर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस को शव के पास से ऐसा कुछ नहीं मिला, जिसके आधार पर मृतक की पहचान की जा सके। हालांकि पुलिस के अनुसार मृतक के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं और चेहरे पर भी कुछ चोट के निशान हैं, जिससे हत्या की आशंका और भी पुख्ता हो जाती है।
ऊधम सिंह नगर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। इसके अलावा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन भी कर दिया गया है।एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि मृतक के गले पर निशान मिले हैं और मामला हत्या का लग रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल, पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना के पीछे का सच सामने लाया जायेगा।




