खबर सच है संवाददाता
हरिद्वार। जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र जागरण में गई 14 वर्षीय किशोरी से चार लोगों ने गैंगरेप किया। कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक आरोपी फरार चल रहा है। बताया जा रहा है कि जागरण स्थल से 150 मीटर दूर गैंगरेप हुआ। शोर में बच्ची की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़िता को चौहारे पर फेंककर भाग गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात क्षेत्र के एक गांव में जागरण का आयोजन था। किशोरी भी इसमें शामिल होने गई थी। इसी दौरान एक युवक ने उससे बातचीत की और उसे आयोजन स्थल से कुछ दूरी पर ले गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन अन्य युवकों के साथ मिलकर किशोरी से दुष्कर्म किया गया। घटना आयोजन स्थल से करीब 150 मीटर दूर होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि वारदात के बाद युवकों ने किशोरी को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी और उसे चौहारे के पास छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह किशोरी घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर लक्सर कोतवाली पहुंचे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि चौथे आरोपी की भूमिका और उसकी पहचान को लेकर अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है। किशोरी से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराया गया है और गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।




