खबर सच है संवाददाता
रुद्रप्रयाग। यहां विजिलेंस टीम ने जिला अस्पताल में तैनात एक ऑर्थोपेडिक सर्जन को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि डॉक्टर ने एक व्यक्ति से दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार, रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच शुरू की। शिकायत की पुष्टि होने पर मंगलवार को टीम ने जिला अस्पताल में ट्रैप की कार्रवाई की। योजना के तहत शिकायतकर्ता ने डॉक्टर को पांच हजार रुपये दिए। जैसे ही डॉक्टर ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी डॉक्टर के आवास पर भी छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की। विजिलेंस अधिकारी आरोपी से पूछताछ के साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच में जुटे हैं।
विजिलेंस के अनुसार, आरोपी डॉक्टर के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ और अग्रिम कार्रवाई के लिए उसे देहरादून लाया जाएगा। मामले में विजिलेंस की जांच जारी है।




