खबर सच है संवाददाता
रुड़की। हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। एक युवक पर अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। दोनों को सीने में गोली लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, झबरेड़ी कलां गांव में अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने कथित तौर पर अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को गोली मार दी। गोली लगने के बाद परिजन दोनों को उपचार के लिए झबरेड़ा स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही वारदात के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी, एसएचओ मंगलौर भगवान मेहर, एसएसआई दीप कुमार और झबरेड़ा थाना प्रभारी विजय सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। मामले में अमन उर्फ भरोसी सिंह की भूमिका सामने आई है। स्थानीय स्तर पर उसके गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी पुलिस के संज्ञान में आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है। झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के अनुसार, प्रेम प्रसंग समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस हत्या के वास्तविक कारण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हत्या की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।




