खबर सच है संवाददाता
ऋषिकेश। यहां नाबालिग से दुष्कर्म के आठ दिन बाद शनिवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण(एमडीडीए) ने होटल को जांच के बाद सील कर दिया। जांच में घर के नक्शे पर होटल बना पाया गया।
ज्ञात हो कि बीती 29 अगस्त को एक होटल में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा था। जिसके बाद पुलिस जांच में होटल संचालक और मैनेजर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई थी। दुष्कर्म के मुख्य आरोपी सोफियान निवासी ग्राम गढ़ी, जानसठ, मुजफ्फनगर को गिरफ्तार करने के साथ ही होटल संचालक राहुल अग्रवाल और मैनेजर वैभव गुप्ता के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई की गई थी। बिना पहचान संबंधी दस्तावेजों व होटल में सीसीटीवी कैमरे बंद होने के आरोप में पुलिस ने कार्रवाई की थी।
एमडीडीए के सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज ने बताया कि नियमों के उल्लंघन पर एसडीएम ऋषिकेश के आदेश पर भवन को सील किया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।




