खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। यहां भोलेनाथ गार्डन में गुरुवार (आज) एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम से अचानक आग लग गईं। जिसके बाद कुछ ही देर में आग इतनी विकराल हो गईं कि गोदाम में रखा कपड़ों का सामान धू-धूकर जल गया। आग की लपटें देख आसपास मौके पर खड़े लोगो की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। गोदाम गली के भीतर होने के कारण दमकल कर्मियों के सामने आग तक पहुंचने और राहत कार्य चलाने की चुनौती खड़ी हो गई। आग की भयावहता को देखते फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर लगाई गईं और कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया। सीएफओ गौरव किरार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग में गोदाम में रखा कपड़ों का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो गया। नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल आग किस वजह से लगी, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग के कारणों की जांच में जुटी है। आग लगने से आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




