खबर सच है संवाददाता
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 14 अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। रिक्त पदों के सापेक्ष अधिकारियों को विभिन्न जनपदो और पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई तैनाती पाने वाले अधिकारियों में एक सहायक पुलिस अधीक्षक, 10 सीधी भर्ती के पुलिस उपाधीक्षक और तीन पदोन्नत पुलिस उपाधीक्षक शामिल हैं। आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी देव व्रत जोशी, आईपीएस-आरआर 2023 बैच को सहायक पुलिस अधीक्षक के पद पर हरिद्वार जनपद में तैनाती दी गई है।
पदोन्नति के बाद राजेश साह को बागेश्वर, प्रदीप पन्त को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार और नदीम अतहर को आईआरबी द्वितीय देहरादून भेजा गया है।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दक्ष शोखंद को हरिद्वार, दिव्येश उपाध्याय को पौड़ी गढ़वाल, अंकित थपलियाल को ऊधम सिंह नगर और लव शर्मा को नैनीताल में तैनाती मिली है।
इसके अलावा तनुजा बिष्ट को टिहरी गढ़वाल, आदित्य तिवारी को देहरादून, समीरण भट्ट को नैनीताल, दीप्ति कैड़ा को पिथौरागढ़, अवनी तिवारी को रुद्रप्रयाग और विनय सिंह को नैनीताल में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस मुख्यालय के आदेश जारी होने के बाद सभी अधिकारियों के संबंधित जनपदों और पुलिस इकाइयों में कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू होगी। अधिकारियों की नई तैनाती से रिक्त पदों को भरने के साथ संबंधित क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।




