खबर सच है संवाददाता
शक्तिफार्म। आंचल डेयरी के उत्पादों का स्वाद चखने, पशुपालन की नई तकनीकें जानने और स्थानीय संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलने जा रहा है। टैगोर नगर, शक्तिफार्म में आज 2 नवंबर से आंचल डेयरी का तीन दिवसीय मेला शुरू होगा, जो 4 नवंबर तक चलेगा।
मेले में आंचल के विभिन्न दुग्ध उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के साथ पशुपालकों को डेयरी विकास की सरकारी योजनाओं, आधुनिक पशुपालन तकनीकों और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की रौनक बढ़ाएंगे। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण उत्पादों और प्रतिभाओं को मंच देने के साथ पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा स्वरोजगार को प्रोत्साहित करना है।
पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा आंचल डेयरी उत्तराखंड के पशुपालकों की ताकत है। सरकार शुद्धता, गुणवत्ता और समृद्धि के मंत्र के साथ आंचलब्रांड को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है।उन्होंने दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और आमजन से मेले में अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की।




