खबर सच है संवाददाता
रुद्रपुर। दीपावली पर आतिशबाजी का शौक 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे 25 वर्षीय रिक्रूट विष्णु की जान ले गया। रविवार सुबह वाहिनी परिसर में पटाखे से हुए विस्फोट के दौरान धातु के कप का टुकड़ा उसके गले में जा लगा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि धातु का टुकड़ा सांस की नली में फंसने से उसकी मौत हुई। हालांकि, परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के बहादुरपुर जट,पथरी निवासी विष्णु पुत्र मांगेराम करीब छह माह पहले प्रशिक्षण के लिए 46वीं वाहिनी पीएसी में भर्ती हुआ था।रविवार सुबह कुछ अन्य रिक्रूटों के साथ स्नानागार के पास नहाने गया था। इसी दौरान उसने धातु के कप के नीचे पटाखा रखकर आग लगा दी। विस्फोट के खतरे को देखते हुए उसके साथी दीवार के पीछे चले गए, लेकिन विष्णु पटाखे के पास ही मौजूद रहा। विस्फोट होते ही धातु के कप का एक टुकड़ा तेजी से उछलकर उसके गले में जा लगा।
साथियों ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पीएसी परिसर में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया।
विष्णु विवाहित था। करीब तीन माह पहले उसके घर बेटी ने जन्म लिया था। बेटी के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए वह घर गया था। इसके बाद वह वापस पीएसी में प्रशिक्षण के लिए लौट आया था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर हरिद्वार रवाना हो गए। सेनानायक पंकज भट्ट के अनुसार, नियमानुसार परिवार को एक लाख दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए दस हजार रुपये दिए गए हैं।
सेनानायक पंकज भट्ट ने बताया कि पीएसी परिसर में रिक्रूटों के लिए आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित थी। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात एक अन्य रिक्रूट ने विष्णु को पटाखे जलाने से रोकने का प्रयास भी किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि देहरादून में परेड में शामिल होने गए कुछ रिक्रूट अपने साथ पटाखे लेकर आए थे। ऐसे में प्रतिबंध के बावजूद परिसर में पटाखे कैसे पहुंचे और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
सेनानायक ने पूरे मामले की जांच असिस्टेंट कमांडेंट प्रतिभा भट्ट को सौंपी है। जांच में हादसे की परिस्थितियों के साथ ही परिसर में प्रतिबंधित पटाखे पहुंचने व सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही के पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।




