खबर सच है संवाददाता
देहरादून। यहां नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दिवाली की रात दोस्तों के बीच हुआ विवाद एक किशोर की मौत का कारण बन गया। सूरी चौक के पास हुई इस घटना में 15 वर्षीय अर्थ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने उसके साथ मौजूद दोस्तों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
परिजनों के मुताबिक, श्रेयस नाम का युवक अर्थ को अपने साथ दिवाली पार्टी में ले गया था। पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि वहां मौजूद युवकों ने अर्थ के साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजनों का दावा है कि मारपीट के दौरान अर्थ गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद अपने 15 वर्षीय बेटे को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।उन्होंने श्रेयस और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जानकारी जुटा रही है कि पार्टी के दौरान विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ था और मारपीट में कौन-कौन युवक शामिल थे। घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है। किशोर की मौत के बाद इलाके में भी चर्चा का माहौल है।पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।




