खबर सच है संवाददाता
देहरादून। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड एवं अंकिता के माता-पिता को दिल्ली में पुलिस द्वारा जबरन उठाए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। काले गुब्बारे लेकर देहरादून एयरपोर्ट की ओर कूच कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही रोककर हिरासत में ले लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के देहरादून पहुंचने से पहले ही कांग्रेस ने उनके विरोध का ऐलान कर दिया था। इसी क्रम में परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता जौलीग्रांट मुख्य मार्ग से होते हुए एयरपोर्ट की ओर रवाना हुए। हाथों में काले गुब्बारे लेकर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मोहित उनियाल समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बस में बैठाकर हिरासत में ले लिया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दिल्ली के राजघाट पर अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस जबरन उठाकर ले गई है। उन्होंने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के चलते आम जनता और व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धनतेरस जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर कई मार्ग बंद किए जाने से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। एयरपोर्ट से देहरादून जाने वाले मार्ग पर पटाखों की दुकानों को भी शाम तक बंद करा दिया गया, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मोहित उनियाल ने सवाल उठाया कि वीआईपी दौरे के नाम पर आम जनता और व्यापारियों के हितों की अनदेखी क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय लोगों की सुविधा और व्यापारियों की आजीविका का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।




