खबर सच है संवाददाता
ऋषिकेश। यहां पुलिस ने भरत विहार क्षेत्र में एक फ्लैट में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए पार्षद पति समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 208 ताश के पत्ते और लाखों रुपये की नकदी बरामद की है।
कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट के अनुसार, 5 नवंबर की रात उपनिरीक्षक कविंद्र राणा पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भारत विहार निवासी गगन बर्तवाल अपने फ्लैट में जुए का अड्डा संचालित कर रहा है, जहां कई लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी अमित कुमार और उपनिरीक्षक विनेश कुमार समेत पुलिसकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। फ्लैट की पांचवीं मंजिल पर पहुंचने पर पुलिस को अंदर से ताश के पत्तों पर बाजी लगाने की आवाजें सुनाई दीं। छापा मारने पर आठ लोग जुआ खेलते मिले, जिन्हें पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल निवासी बैराज रोड ऋषिकेश, अरविंद कुमार निवासी मनीराम रोड देहरादून, विवेक निवासी शिवाजी नगर ऋषिकेश, प्रशांत कुमार निवासी भरत विहार ऋषिकेश, प्रवीण निवासी विस्थापित क्षेत्र ऋषिकेश, गगन बर्तवाल निवासी भारत विहार ऋषिकेश, सुधीर कांत निवासी आवास विकास ऋषिकेश और एकांत गोयल निवासी गंगानगर ऋषिकेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 208 ताश के पत्ते और नकदी बरामद की। बरामदगी की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




