खबर सच है संवाददाता
हरिद्वार। यहां एक होटल में किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल में संचालित देह व्यापार का भंडाफोड़ करते हुए एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार करते हुए मौके से दो पीड़ित महिलाओं को सकुशल बरामद कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरिद्वार पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट को सूचना मिली थी कि सिडकुल क्षेत्र स्थित होटल में अवैध रूप से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला के नेतृत्व में संयुक्त पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से देह व्यापार में संलिप्त पाए गए एक महिला और दो पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही होटल में मौजूद दो पीड़ित महिलाओं को भी सकुशल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था।
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों को सिडकुल थाने लाया गया। पुलिस बरामद महिलाओं से पूछताछ कर रही है और उनके बयान दर्ज कराने के साथ सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिलाओं को इस गतिविधि में कैसे शामिल किया गया और होटल में यह अवैध धंधा कब से संचालित हो रहा था।
एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र रमोला ने बताया कि सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने होटल में छापेमारी की थी। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो पीड़ित महिलाओं को बरामद किया गया है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।




