खबर सच है संवाददाता
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार (आज) एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भद्रवाह–चंबा मार्ग पर दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र खानी टॉप के पास हुआ, जब सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
अधिकारियों के अनुसार यह वाहन कुल 17जवानों को लेकर ऊंचाई वाले पोस्ट की ओर जा रहा था। पहाड़ी रास्तों पर तीखे मोड़ और खराब मौसम के कारण चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
हादसे के तुरंत बाद सेना, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्तरूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। वाहन सड़क से फिसलने के बाद कई फीट नीचे जाकर रुका, जिससे बचाव दल को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया जबकि गंभीर रूप से घायल जवानों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर उधमपुर सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।यह क्षेत्र अपनी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और जोखिम भरे पहाड़ी रास्तों के लिए जाना जाता है।




