खबर सच है संवाददाता
ऋषिकेश। यहां मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर शनिवार (आज) स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। हादसे के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दुर्घटना में चालक, हेल्पर और स्कूल की प्रधानाचार्य को हल्की चोटें आई हैं।
इंस्पेक्टर एसडीआरएफ कवींद्र सजवान के अनुसार, शनिवार को बस संख्या UP 83 AT 8300 को चालक जयप्रकाश निवासी ग्राम गढ़ी पुरानी, थाना नारखी, जनपद फिरोजाबाद चला रहे थे। बस में पंडित तिलक भानु सीनियर सेकेंडरी स्कूल, फिरोजाबाद के छात्र-छात्राएं और शिक्षक सवार थे। सभी लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्नान और भ्रमण के लिए आए थे।
बताया गया कि मुनिकीरेती के पीडब्ल्यूडी तिराहे पर अचानक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे दीवार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस और राहत टीम ने बस में फंसे सभी बच्चों, शिक्षकों व अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दुर्घटना में चालक जयप्रकाश, हेल्पर अवधेश और विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी सारस्वत को हल्की चोटें आईं।तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उनके ठहरने की व्यवस्था मधुबन आश्रम में कराई। वहीं, पीडब्ल्यूडी तिराहे पर सड़क की तेज ढलान को भी दुर्घटना का एक जोखिम माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर इस मार्ग पर पहले भी सड़क हादसे हो चुके हैं।




