खबर सच है संवाददाता
लालकुआं। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली से विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी और कोतवाली प्रभारी के बीच हुई कहासुनी के मामले ने अब आंदोलन का रूप ले लिया है। कोतवाल पर अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में पूर्व सैनिक संगठन एवं नगर के तमाम गणमान्य लोगों ने लालकुआं कोतवाली के सामने धरना शुरू कर दिया ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हल्द्वानी क्षेत्राधिकारी (सीओ) लालकुआं कोतवाली पहुंचे, जहां उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी से वार्ता कर विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि,चेयरमैन और पुलिस अधिकारियों के बीच हुई वार्ता सफल नहीं हो सकी। वार्ता बेनतीजा रहने के बाद अध्यक्ष ने नगर की सफाई व्यवस्था को रोकने का ऐलान कर दिया,जिससे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को भेजे शिकायती ज्ञापन में आरोप लगाया कि मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे आजाद नगर वार्ड नंबर चार में सीओ कार्यालय रोड पर सिद्धार्थ ऑप्टिकल के समीप पराल से भरी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने विद्युत पोल को टक्कर मार दी, जिससे पोल और विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी,जिसके बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर चालक से वाहन रोकने को कहा।
अध्यक्ष का आरोप है कि काफी देर बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी ने घटना की जानकारी लेने के बजाय उनके साथ अभद्र एवं अशोभनीय व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की। उन्होंने इसे एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के सम्मान और गरिमा के विरुद्ध बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने संबंधित कोतवाल के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, अध्यक्ष ने एसएसपी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और कोतवाल को हटाने की मांग की ।




