गंगोत्री धाम।उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा अब समापन की ओर बढ़ रही है। इसी क्रम में मंगलवार, 10 नवंबर 2026को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ अभिजीत मुहूर्त में मंदिर के कपाट अगले छह माह के लिए बंद हुए। इस दौरान हजारों श्रद्धालु मां गंगा को विदाई देने के लिए धाम में मौजूद रहे।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति को उत्सव डोली में विराजमान कर उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना किया गया। सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच निकली डोली यात्रा के दौरान पूरा गंगोत्री धाम मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भावुक मन से मां गंगा को विदाई दी।
डोली रात्रि विश्राम के लिए मार्कंडेयपुरी देवी मंदिर में ठहरेगी। यहां रातभर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। इसके बाद बुधवार को मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव पहुंचेगी। अगले छह माह तक श्रद्धालु मुखबा स्थित मुखीमठ में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे।
मंगलवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में कपाट बंद होने की धार्मिक तैयारियां शुरू हो गई थीं। तीर्थ पुरोहितों ने गंगा घाट पर मां गंगा का अभिषेक और आरती की। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।निर्धारित मुहूर्त में दोपहर12:05 बजे मंदिर के कपाट विधिवत बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने बताया कि मां गंगा की उत्सव डोली रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को मुखबा पहुंचेगी, जहां आगामी छह माह तक विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कपाट बंद होने का धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।
गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बावजूद मंदिर में अखंड ज्योति लगातार प्रज्वलित रहेगी। गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि मंदिर में तांबे का विशाल दीपक रखा जाता है, जिसमें पर्याप्त मात्रा में तेल भरकर अखंड ज्योति जलाई जाती है। मान्यता है कि अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर जब मंदिर के कपाट दोबारा श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाते हैं, तब भी यह ज्योति प्रज्वलित अवस्था में मिलती है। कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं को मां गंगा के दर्शन के साथ अखंड ज्योति के दर्शन का सौभाग्य भी प्राप्त होता है।
इस वर्ष गंगोत्री धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी आमद देखने को मिली। कपाट खुलने से लेकर बंद होने तक दस लाख से अधिक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के अंतिम दिन भी धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देश के विभिन्न हिस्सों से आए भक्तों ने कपाट बंद होने से पहले मां गंगा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
कपाट बंद होने के विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए गंगोत्री मंदिर को पांच क्विंटल से अधिक रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था।फूलों से सजे मंदिर की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। धार्मिक अनुष्ठानों और भव्य सजावट के बीच पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।
गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने के साथ ही अब आगामी छह माह तक मां गंगा की शीतकालीन पूजा-अर्चना उनके मायके मुखबा गांव में होगी। इस दौरान श्रद्धालु मुखबा स्थित मुखीमठ पहुंचकर मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
ख़बर शेयर करें – खबर सच है संवाददाता रुद्रपुर। दीपावली पर आतिशबाजी का शौक 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे 25 वर्षीय रिक्रूट विष्णु की जान ले गया। रविवार सुबह वाहिनी परिसर में पटाखे से हुए विस्फोट के दौरान धातु के कप का टुकड़ा उसके गले में जा लगा। गंभीर हालत में उसे […]
ख़बर शेयर करें – खबर सच है संवाददाता देहरादून। देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में नशे के आदी एक युवक ने अपने ही पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पिता अपने भांजे को बेटे के हमले से बचाने पहुंचे थे। इसी दौरान पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया और आरोपी ने […]
ख़बर शेयर करें – खबर सच है संवाददाता देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र में दीवार निर्माण को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद पिता-पुत्र पर अपने ही भांजे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप है। हमले में बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोग […]