रुद्रपुर। मोबाइल कारोबार में वर्चस्व और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर दो दुकानदारों के बीच चल रही रंजिश शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गई।जगतपुरा-आवास विकास क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई,जिसमें चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां भी विवाद थमने के बजाय और भड़क उठा। आरोप है कि अस्पताल परिसर में ही राजकुमार उर्फ नितेश कुमार (30) पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े जिला अस्पताल में हुई हत्या से अफरातफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा-आवास विकास में दिनेश जौहरी और अमन प्रजापति की मोबाइल की दुकानें आमने-सामने हैं। दोनों के बीच लंबे समय से कारोबार में प्रतिस्पर्धा को लेकर तनातनी चल रही थी। शुक्रवार सुबह पुराना विवाद फिर भड़क गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया। दोनों ओर से जमकर हाथापाई हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। संघर्ष के दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए।
मारपीट में घायल दोनों पक्षों के लोग उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप लेते हुए राजकुमार उर्फ नितेश कुमार पुत्र कमलेश जौहरी पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल अस्पताल पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव फैल गया। जानकारी लेने पहुंचे एसपी सिटी प्रमोद कुमार के सामने ही दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए।हालात बिगड़ते देख पुलिस को दोनों पक्षों को अलग करने व स्थिति संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
एहतियातन जिला अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ




