खबर सच है संवाददाता
जब कोई न हो, तब केवल ईश्वर (हरि) और सतगुरु ही सच्ची रक्षा करते हैं – श्री हरि चैतन्य महाप्रभु
कामवन। तीर्थराज विमल कुंड स्थित श्री हरि कृपा आश्रम के संस्थापक एवं श्री हरि कृपा पीठाधीश्वर व विश्व विख्यात संत स्वामी श्री हरि चैतन्य पुरी जी महाराज ने आज यहां श्री हरि कृपा आश्रम में उपस्थित विशाल भक्त समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भैय्या दूज भाई-बहन के बंधन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक पवित्र सुरक्षा का संकल्प है। जब कोई और साथ न हो, तब केवल ईश्वर (हरि) और सतगुरु ही सच्ची रक्षा करते हैं। ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ (धर्म रक्षा करने वालों की रक्षा करता है) के सिद्धांत को समझाते हुए वे कहते हैं कि अपने धर्म, आध्यात्मिक मूल्यों और सतगुरु की शिक्षाओं को धारण करने से मनुष्य सदैव सुरक्षित रहता है।
महाराज श्री ने कहा कि भैय्या दूज सिर्फ कोई रस्म नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा और स्नेह का एक पवित्र संकल्प है। मनुष्य अक्सर बाहरी और क्षणिक रिश्तों पर भरोसा करता है, लेकिन जीवन के कठिन दौरों में—जैसे प्राकृतिक आपदाएं या कोविड-19 जैसी महामारी में—हमें परमात्मा की शरण की आवश्यकता का बोध होता है। सच्ची सुरक्षा धर्म का पालन करने, सद्गुरु के मार्गदर्शन को अपनाने और ईश्वर में अटूट विश्वास रखने से मिलती है। महाराज जी प्राकृतिक आपदाओं पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। वे कहते हैं कि संकट के समय, जैसे कोविड-19 या अन्य विपदाओं के दौरान, मानवीय संबंध फीके पड़ सकते हैं, लेकिन ईश्वर पर अडिग विश्वास ही एकमात्र सहारा है। हमें अपनी चिंताएं प्रभु पर छोड़ देनी चाहिए।
कहा कि अपने स्वभाव, वाणी और आचरण को शुद्ध रखें और त्योहारों को केवल परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों को संजोने के माध्यम के रूप में मनाएं।भौतिक उपहारों से आगे बढ़कर निस्वार्थ प्रेम, भक्ति और एक-दूसरे के प्रति नैतिक जिम्मेदारी की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें। कहा कि परिवार, नगर, राष्ट्र व समाज में सब आपस में मिलकर एक हो जाएं संसार एक मेला है तथा मेले का अर्थ है मिलाप।मेले में जाकर तो आनंद आता है लेकिन यदि मेलों में ठीक से चलना ना आया, बोलना ना आया, व्यवहार करना ना आया तो मेला झमेला बनते भी देर नहीं लगती। संसार रूपी मेले में भी अधिकांश लोगों के जीवन में आजवो आनंद, उत्साह व उमंग दिखाई नहीं देती है। लगता है लोगों के लिए भी यह संसार रूपी मेला झमेला बन चुका हैं। विशेषतया उनके लिए जिन्हें जीने की कला नहीं आती क्योंकि जीना भी एक कला है।
महाराज श्री ने कहा कि इस संसार मेले में हम मिलें तथा मिल कर एक हो जाएं परंतु शेर व हिरन या बकरी की भाँति नही क्योंकि शेर व बकरी मिलकर एक तो होते हैं परंतु वहां हिंसा को स्थान मिलता है गंधक व पोटाश मिलकर एक होते हैं पर वहां विस्फोट होता है। घी व शहद मिलकर एक होते है पर विष पैदा होता है कौरव पांडव भी कितनी बार मिले परंतु कोई ना कोई झगड़ा विवाद अशांति ही पैदा हुई ऐसा मिलना जिस मिलने पर कलह,क्लेश, विवाद,अशांति, वैमनस्य, द्वेष, घृणा, हिंसा इत्यादि जन्म ले ले ऐसा मिलना अच्छा नहीं ऐसे मिलने से तो ना मिलना कहीं श्रेष्ठ है। मिलना हो तो मिलकर एक हो जाएं गंगा व यमुना की भांति गंगा भी पवित्र तथा यमुना भी पवित्र तथा जब दो पवित्र आत्माऐं आपस में मिलकर एक होती हैं तो उनका जीवन पहले से भी कहीं अधिक पवित्र व महान हो जाता है जैसा कि गंगा व यमुना के मिलने पर तीर्थराज प्रयाग को महान गरिमामय स्थान प्राप्त होता है ।
अपने धारा प्रवाह प्रवचनों से उन्होंने सभी भक्तों को मंत्रमुग्ध व भाव विभोर कर दिया। सारा वातावरण भक्तिमय हो उठा व “श्री गुरु महाराज” “कामां के कन्हैया” व “लाठी वाले भैय्या” की जय जयकार से गूँज उठा।
श्री हरि कृपा आश्रम कामवन कामां में आज भैय्यादौज के अवसर पर हज़ारों बहनों ने अपने प्यारे लाठी वाले भैय्या विश्व प्रसिद्ध संत प्रेमावतार, युगदृष्टा, श्री हरि कृपा पीठाधीश्वर स्वामी हरि चैतन्य पुरी जी महाराज को टीका लगाकर आशीर्वाद ग्रहण किया। आश्रम में प्रातःकाल से ही बहनों का ताँता लगा रहा।