खबर सच है संवाददाता
रुद्रपुर। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही तबादलों का दौर तेज हो गया है। इस बार पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से ऊधमसिंह नगर जिले में निरीक्षक और उपनिरीक्षक स्तर के चार अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने तबादलों के आदेश जारी करते हुए सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार ट्रांजिट कैंप कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी को हटाकर एएनटीएफ का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं पुलिस लाइन रुद्रपुर में तैनात निरीक्षक रमेश तनवार को ट्रांजिट कैंप कोतवाली का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं आवास विकास चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को कोतवाली किच्छा की दरऊ चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि दरऊ चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक पवन जोशी को आवास विकास चौकी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल नई तैनाती पर रवाना होकर कार्यभार संभालने और आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल में ट्रांजिट कैंप कोतवाली और आवास विकास चौकी के प्रभारी बदले गए हैं। हालांकि, जिला अस्पताल में हुई चाकूबाजी की घटना को इन तबादलों का प्रत्यक्ष कारण नहीं बताया गया है।




