खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। यहां अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर खड़ी बाइक पर ही चोर ने हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, हालांकि चोर अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
मामला मुखानी थाना क्षेत्र के एक अस्पताल का है। ग्राम झूतिया, रामगढ़ निवासी शुभम साह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी जयश्री तिवारी अस्पताल में कार्यरत हैं। 17 सितंबर को उन्होंने बाइक संख्या यूके-04-एएन-4851 अस्पताल के मेन गेट के बाहर खड़ी की थी। रात में मौका पाकर अज्ञात चोर बाइक लेकर फरार हो गया।
बाइक चोरी की पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस के सामने अब चोर तक पहुंचने और बाइक बरामद करने की चुनौती है। पीड़ित के मुताबिक वाहन उनकी पत्नी ममता साह के नाम पर पंजीकृत है। तहरीर मिलने के बाद मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और चोरी गई बाइक की तलाश में जुटी है।




