खबर सच है संवाददाता
मथुरा। यहां बरेली-आगरा हाईवे पर सोमवार (आज) प्रातः 4:00 बजे तेज रफ्तार कार के खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टक्कर मारने से कार सवार 3 लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कार सवार सभी लोग शाहजहांपुर से वृंदावन दर्शन करने के लिए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर के रहने वाले 4 लोग सौरव गुप्ता उम्र 33 वर्ष, निकुंज गुप्ता उम्र 27 वर्ष, राजन गुप्ता उम्र 31 वर्ष, राजा भारद्वाज उम्र 30 वर्ष वृंदावन जाने के लिए अपनी गाड़ी से निकले थे। सोमवार प्रातः राया थाना क्षेत्र केशवपुर के पास बरेली-आगरा हाईवे पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी थी।तभी शाहजहांपुर से आ रही कार तेजी से ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार सवार 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




