खबर सच है संवाददाता
उत्तरकाशी। जिले के मोरी विकासखंड के आराकोट के पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा भवन जलकर राख हो गया। इस हादसे में भवन में वर्षों से रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस-प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना पर पुलिस ने मोरी और त्यूणी से अग्निशमन वाहनों को मौके पर बुलाया। इसके अलावा पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। अग्निशमन टीमों और पुलिस प्रशासन ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा भवन जलकर राख हो चुका था। आग बुझने के बाद भवन के अंदर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान वहां रह रही सेवानिवृत्त एएनएम पार्वती जैन का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि पार्वती जैन स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त होने के बाद कई वर्षों से इसी पुराने भवन में अकेली रह रही थीं।
थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि महिला जिस कमरे में रहती थीं, वहां लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाते समय आग भड़की होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतका के भतीजे को घटना की सूचना दे दी है, जो देहरादून से आराकोट के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की खबर से आराकोट समेत आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।




