खबर सच है संवाददाता
नानकमत्ता। वर्तमान परिस्थिति में राजनीती का रूप इतना विकृत हो चुका है कि अब लोग अपने गुनाहों को छिपाने के इरादे से इसे अपनी शरणस्थिली बनाने लगे है। ऐसा ही कुछ चौंकाने ताजा मामला नानकमत्ता क्षेत्र में देखने को मिला है। यहां क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) पद के लिए चुनाव लड़ रहे एक प्रत्याशी को चुनाव प्रचार के बीच ही दिल्ली साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने नानकमत्ता थाना क्षेत्र में दबिश देकर ग्राम हरैया निवासी मुख्तार सिंह पुत्र पहलवान सिंह को गिरफ्तार किया। मुख्तार सिंह इस समय बीडीसी चुनाव में प्रत्याशी था और जोरशोर से प्रचार अभियान में लगा हुआ था। साथ ही दो अन्य आरोपित जोगीठेर निवासी संजय कुमार पुत्र भान चंद्र और कोतवाली खटीमा निवासी प्रदीप चौहान पुत्र रंजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है।
नानकमत्ता थानाध्यक्ष उमेश कुमार ने बताया कि दिल्ली साइबर सेल की टीम उपनिरीक्षक मुन्ना कुमार के नेतृत्व में यहां पहुंची थी। उप निरीक्षक मुन्ना कुमार ने बताया कि तीनों के विरुद्ध दिल्ली में साइबर धोखाधड़ी का मामला पंजीकृत है। गिरफ्तारी के बाद तीनों को ट्रांजिट रिमांड पर खटीमा न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
चुनाव के दौरान इस तरह की कार्रवाई क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी है, तो वहीं प्रशासन और पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता बढ़ा दी है।




