खबर सच है संवाददाता
नई दिल्ली/रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक शिबू सोरेन का सोमवार, 4 अगस्त 2025 को निधन हो गया। उनके बेटे और वर्तमान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दुखद खबर की पुष्टि की। 81 वर्षीय शिबू सोरेन जिन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था को जून 2025 में किडनी संबंधी समस्या के कारण दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां उनकी हालत हाल ही में गंभीर हो गई थी और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
हेमंत सोरेन ने अपने पिता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “आज मैं शून्य हो गया। मेरे पिता, मेरे गुरु, झारखंड के गौरव, दिशोम गुरु शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे। उनकी विरासत और आदर्श हमेशा हमें प्रेरित करते रहेंगे।” शिबू सोरेन के निधन पर जेएमएम कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनके रांची स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास और अन्य नेताओं ने भी उनके योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया।
शिबू सोरेन ने झारखंड आंदोलन का नेतृत्व कर 2000 में राज्य के गठन में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 2005, 2008-09 और 2009-10 में तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में सेवा दीऔर केंद्र में कोयला मंत्री के रूप में भी कार्य किया।जेएमएम के 38साल तक अध्यक्ष रहे शिबू ने आदिवासी अधिकारों के लिए अथक संघर्ष किया, जिसने उन्हें जनजातीय समुदाय में प्रेरणादायक व्यक्तित्व बनाया।




