हल्द्वानी। कुमाऊं की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक कलाओं को मंच देने के लिए हल्द्वानी एमबी इंटर कॉलेज मैदान में 23 से 27 अक्टूबर तक पांच दिवसीय कुमाऊं द्वार महोत्सव -2026 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव का यह चौथा संस्करण होगा। कार्यक्रम में पद्मश्री प्रीतम भरतवाण के साथ ही प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे।
25 अक्टूबर को मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी। वह उत्तराखंड के लोकगीतों और भजनों की प्रस्तुति देंगी। आयोजकों के अनुसार, 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी महोत्सव में शामिल होंगे। साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों के भी मौजूद रहने की संभावना है।
कार्यक्रम संयोजक खुशी जोशी दिगारी ने कहा कि कुमाऊं द्वार महोत्सव की आधारशिला कलाकारों के लिए, कलाकारों द्वारा आयोजित मंच की अवधारणा पर रखी गई है। इसका उद्देश्य स्थापित कलाकारों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर देना है।
दोनों संयोजकों ने कहा कि कुमाऊं द्वार महोत्सव केवल मेला नहीं, बल्कि अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर लोक संस्कृति का आनंद लेने और कलाकारों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।




