खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। शहर के गौला फ्लाईओवर पर शुक्रवार (आज) शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार शाम करीब चार बजे गौला फ्लाईओवर पर हुआ। कार संख्या UK02A2544 काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार में एक युवती और तीन युवक सवार थे। इसी दौरान कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घायल युवक और युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। उनके होश में आने के बाद घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल हादसे में मृतकों और घायलों के नाम, उम्र तथा पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच के बाद दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।




