खबर सच है संवाददाता
देहरादून। मौसम के करवट लेते ही रविवार को बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब सहित प्रदेश की ऊंची पर्वतीय चोटियों पर बर्फबारी के साथ निचले इलाकों में तेज हवाएं चलने लगी, वहीं देहरादून और मसूरी के कुछ हिस्सों में भी हल्की बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया।हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार से प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश के आसार नहीं जताए गए हैं।
प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य या उससे नीचे बना हुआ है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। यही वजह है कि सुबह और रात के समय अपेक्षित ठंड अभी महसूस नहीं हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पर्वतीय जिलों की घाटियों में हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। मौसम शुष्क रहने के साथ सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में सर्दी का असर और तेज हो सकता है।




