खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र के गोला बाईपास रोड पर सोमवार (आज) सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे एक व्यक्ति बाइक संख्या UK 06 BK 0927 पर गोला बाईपास से शनि बाजार रोड की ओर जाने के लिए अपना वाहन मोड़ रहा था। इसी दौरान सामने से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और गंभीर चोटों के चलते उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना में मृतक के पैर का पंजा भी शरीर से अलग हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौकेपर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान प्रदीप हलदार पुत्र अनंत हलदार निवासी गोविंदनगर, शक्तिफार्म, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में की है। तलाशी के दौरान मृतक के पास से नकदी और अन्य जरूरी सामान भी बरामद हुआ।
गौरतलब है कि गोला बाईपास रोड पर एक दिन पहले भी सड़क दुर्घटना हुई थी। लगातार सामने आ रहे हादसों ने इस मार्ग पर यातायात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




