खबर सच है संवाददाता
चमोली। यहां चमोली जिले के सेमी गांव में पेयजल टैंक निर्माण कार्य के दौरान मजदूरी की तय रकम को लेकर दो युवकों के बीच शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया।आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर एक युवक ने दूसरे पर बांस के डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को उपजिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो बांस के डंडे भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तहसील जिलासू के सेमी गांव में पेयजल निगम की ओर से पानी के टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। यहां खच्चर से सामान ढुलान का काम करने वाले सुनील कुमार (28), निवासी गोतेंडा, थराली, चमोली और सुमित (28), निवासी बिजनौर, उत्तर प्रदेश के बीच रेत ढुलान की तय रकम को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि ढुलान कार्य के निर्धारित पैसे नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। विवाद बढ़ने पर सुनील कुमार ने सुमित पर बांस के डंडों से हमला कर दिया। हमले में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान एक अन्य मजदूर ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे धमकाकर वहां से हटा दिया। घटना से घबराए मजदूर ने ठेकेदार को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सुमित को उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो बांस के डंडे बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को 16अक्टूबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट,कर्णप्रयाग के न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




