हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार कर लिया है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, हुड़दंग या बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप को रोकने के लिए कॉलेज परिसर से लेकर आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों तक पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने चुनाव ड्यूटी में तैनात जवानों को ब्रीफ करने के साथ ही कॉलेज परिसर में फ्लैग मार्च किया।
एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी ने साफ किया कि छात्रसंघ चुनाव की आड़ में किसी भी छात्र को डराने-धमकाने, दबाव बनाने या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हुई तो पुलिस तत्काल वैधानिक कार्रवाई करेगी। बाहरी और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसकी आड़ में हिंसा, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस को कॉलेज के प्रवेश द्वार और बैरियरों पर प्रभावी चेकिंग व फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए हैं। ड्रोन से निगरानी के साथ मोबाइल पुलिस टीमें लगातार गश्त करेंगी। जीरो जोन में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्वाइंट पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
मतगणना केंद्र पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी और अफवाह अथवा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सीओ – 06, निरीक्षक -09, एसओ/एसएसआई-10, आईसी/ओपी एसआई -37, एलएसआई -16, अपर एसआई-30, हेड कांस्टेबल-33, महिला हेड कांस्टेबल-03, कांस्टेबल-77 और महिला कांस्टेबल -34 सहित एंटी रॉयट टीम, आंसू गैस टीम, दो फायर यूनिट और आईआरबी/पीएसी की एक कंपनी (डेढ़ सेक्शन) तैनात की गई है।

ब्रीफिंग के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एमबीपीजी कॉलेज तथा आसपास के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने छात्र-छात्राओं और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही अराजक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी और चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।




