खबर सच है संवाददाता
चमोली। जिले के जोशीमठ में शनिवार देर रात पैनखंडा महोत्सव से लौट रही बस अनियंत्रित होकर रविग्राम के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण हादसे में कुल 7 लोग घायल हुए हैं।
दुर्घटना में दो युवक, शिवम बिष्ट और सिद्धार्थ पंवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल देहरादून रेफर कर दिया गया।पांच अन्य घायल मामूली चोटों के साथ सुरक्षित है और रात ही प्राथमिक उपचार के बाद घर लौट गए।
थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि बस महोत्सव समिति द्वारा दूर-दराज से आए लोगों को छोड़ने के लिए चलायी जा रही थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस के ब्रेक फेल होने से यह दुर्घटनाग्रस्त हुई। वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर लापरवाही से वाहन चला रहा था। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर गौतम कुमार ने बताया किगंभीर रूप से घायल दो लोगों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




