खबर सच है संवाददाता
उधमसिंह नगर। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को भी तेज से अति तेज बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही बारिश के चलते ऊधम सिंह नगर जिले से होकर बहने वाली नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए सोमवार, 7 सितंबर 2026 को जिले में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से रविवार, 6 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज से अति तेज बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण ऊधम सिंह नगर में नदियों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ऊधमसिंह नगर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि बारिश और बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिले में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए 7 सितंबर को एक दिन का अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।




