खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी में कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए भारतीय सेना के तत्वावधान में मिशन निरंतर मिलाप 1.0 : फेज-V (नॉर्थ जोन) के अंतर्गत अग्निपथ योजना एवं आर्मी कमीशन के संबंध में एक विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रिकॉर्ड्स, द मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सूबेदार गणेश यादव ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर बनाने के विभिन्न अवसरों एवं प्रवेश प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास, विश्व युद्धों में सेना की भूमिका, विभिन्न सैन्य अभियानों में भारतीय सेना के योगदान तथा सेना की संगठनात्मक संरचना एवं विभिन्न रैंकों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही अग्निपथ योजना, आर्मी कमीशन, भारतीय सेना में उपलब्ध करियर के अवसरों, व्यक्तिगत विकास, सेना में शिक्षा की सुविधाओं एवं चिकित्सा सहायता जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में प्रवेश की विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए यूपीएससी एवं नॉन-यूपीएससी के माध्यम से उपलब्ध अवसरों, टेरिटोरियल आर्मी, विभिन्न प्रवेश योजनाओं तथा सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय सेना केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रसेवा, आत्मनिर्भरता एवं व्यक्तित्व विकास का एक उत्कृष्ट अवसर भी प्रदान करती है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष पाण्डेय ने सभी अतिथि वक्ताओं का स्वागत व आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आत्मविश्वास, प्रभावशाली संवाद कौशल, सार्वजनिक मंच पर बोलने की क्षमता, सामान्य जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा भविष्य के लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को खेलकूद व एनसीसी जैसी गतिविधियों में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।कहा कि खेल एवं अनुशासित गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, साहस, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस पहल ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों को समझने तथा राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों एवं संभावनाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, चेयरपर्सन ऋचाबिष्ट,एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट,डायरेक्टर अकडेमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे, विनोद खोलिया, नायब सूबेदार मोहन सिंह, नायक कमल किशोर सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।