खबर सच है संवाददाता
रुद्रपुर। एक तरफ बरेली में दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे, तो वहीं शादी से ठीक पहले अचानक दूल्हा लापता हो जाता है। पूछताछ करने पर पता चलता है कि दूल्हा बुधवार रात से ही लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इसके बाद नाराज दुल्हन पक्ष के लोग देर रात कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी युवक का विवाह बरेली की युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों की शादी होनी थी। दोनों परिवारों ने विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। घर में शादी की खुशियां थीं और दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार कर रहा था।इसी बीच बुधवार रात दूल्हा अचानक घर से कहीं चला गया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
गुरुवार को जब बारात तय समय पर नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार से संपर्क किया। इस दौरान युवक के लापता होने की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग सकते में आ गए।खुद को ठगा महसूस कर रहे युवती पक्ष के लोग देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया।वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देरतक नोकझोंक हुई। युवती पक्ष ने कहा शादी के लिए सारी तैयारियां पूरी करने के बाद ऐन मौके पर दूल्हे के गायब होने से उन्हें सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।




