हल्द्वानी। इलाज करने के नाम पर 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ईको टाउन धानमिल निवासी राम चंद्र ने चार अक्तूबर को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन अक्तूबर को गुरुद्वारा वाली गली, कालाढूंगी रोड निवासी नईम उर्फ नईम पहलवान उनकी पत्नी मीनाक्षी टम्टा का इलाज कर रहा था। इलाज के दौरान मीनाक्षी की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 338/2026 दर्ज करते हुए धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना के बाद आरोपी फरार था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार पतारसी-सुरागरसी की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नईम उर्फ नईम पहलवान को उसकी दुकान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल ललित गोस्वामी शामिल रहे।




