जानकारी के अनुसार, ग्राम कनौरा निवासी 48 वर्षीय मुन्नालाल अपनी पत्नी जोसमीन के साथ बाइक से केलाखेड़ा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इसी दौरान दोराहा के पास नेशनल हाईवे-74 पर ओवरब्रिज के नजदीक पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाल नरेश चौहान और दोराहा चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने और हादसे के बाद फरार चालक की तलाश में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। करवाचौथ से पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।




