खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी के साथ सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी।
हल्द्वानी कोतवाली के मीटिंग हॉल में बनभूलपुरा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में हुई। पुलिसकर्मियों को किसी भी स्थिति में संयम बरतने और अप्रिय परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के लिए क्षेत्र को दो सुपर जोन और चार जोन में बांटा गया है। यहां दो एसपी, पांच सीओ, 15 निरीक्षक व थानाध्यक्ष और 45 उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक स्तर के पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी, दो ड्रोन टीमें, चार फायर यूनिट, चार ट्रैफिक टीमें, एक बम निरोधक दस्ता, दो हॉक पुलिस यूनिट, दो टियर गैस टीमें, दो एंटी रॉयट टीमें और दो फायरिंग स्क्वाड भी तैनात रहेंगे
पुलिस ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी करेगी। पुलिस ने चेतावनी दी है कि छतों पर पत्थर, रोड़ी, ईंट, मलबा या हथियार जमा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सोशल मीडिया पर अफवाह, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर माहौल बिगाड़ने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। नैनीताल पुलिस ने लोगों से न्यायालय के फैसले का सम्मान करने, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।




