खबर सच है संवाददाता
रुद्रपुर। यहां बगवाड़ा मंडी के सामने तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। रेलवे स्टेशन जा रहे दोनों की बाइक को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मामा ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने 46 वर्षीय मामा अक्षय लाल चौहान पुत्र हंसनाथ चौहान को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था। अक्षय लाल मूल रूप से ग्राम जुआफर, जिला देवरिया, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। उन्हें बाघ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर लौटना था।
बताया गया कि रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से बगवाड़ा मंडी के सामने पहुंचे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में रोहित चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अक्षय लाल चौहान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां अस्पताल पहुंचने तक उनकी भी मौत हो चुकी थी।
रोहित के पिता राधेश्याम चौहान ने बताया कि उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वहीं, अक्षय लाल चौहान पांच अक्टूबर को रुद्रपुर आए थे और शुक्रवार रात ट्रेन से अपने घर लौटने वाले थे। लेकिन रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली।घटना की सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने मामले में पुलिस को तहरीर देने की बात कही है।




