खबर सच है संवाददाता
उत्तरकाशी। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर हाल ही में हुए भूस्खलन क्षेत्र से एक पुरुष का शव और शरीर से टूटा हुआ एक पैर बरामद हुआ है। पुलिस ने कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का मानना है कि ये शव और अंग, हादसे में लापता हुई 11 वर्षीय मासूम और मुंबई निवासी युवक के हो सकते हैं। उनकी शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया गया है।
बताते चलें कि बीती 23 जून को यमुनोत्री धाम पैदल मार्ग पर नौकैंची के पास भूस्खलन हो गया था। इस घटना में कुल 5 लोग मलबे में दब गए थे। उसी दिन खोज-बचाव अभियान के दौरान एक घायल व्यक्ति को बाहर निकाल लिया गया था। अगले दिन उत्तर प्रदेश के पिता-पुत्री का शव भी मलबे में दबा हुआ मिला था। हादसे में नई दिल्ली निवासी एक 11 वर्षीय किशोरी और मुंबई निवासी एक युवक मलबे में दबने के बाद लापता हो गए थे। तब से एसडीआरएफ, पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार खोज अभियान चला रही थीं। रविवार 6 जुलाई को भूस्खलन क्षेत्र से एक पुरुष का शव और एक पैर का अंग मिला है। पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेज दिया है।
चौकी प्रभारी, जानकीचट्टी गंभीर सिंह तोमर ने बताया, इसमें एक पुरुष का शव और एक घुटने से नीचे का पैर मिला है। शिनाख्त के लिए परिजनों को बुलाया जा रहा है। यह खोज अभियान मलबे में दबे बाकी पीड़ितों का पता लगाने के लिए जारी रहेगा।




