खबर सच है संवाददाता
नई दिल्ली। कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड में संगठनात्मक बदलाव करते हुए गणेश गोदियाल को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही पार्टी ने राज्य में आगामी चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए प्रचार समिति और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्षों की भी घोषणा कर दी है।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार —
- प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
- डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
- करण माहरा को पार्टी ने कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया है।
पार्टी ने प्रदेश नेतृत्व के साथ-साथ जिलों और शहरों के अध्यक्षों की नई सूची भी जारी की है। देहरादून को छोड़कर 12 जिलों और प्रमुख शहरों को मिलाकर कुल 27 नए अध्यक्षों की घोषणा की गई है।
नई टीम में भूपेंद्र सिंह भोज (अल्मोड़ा), अर्जुन चंद्र भट्ट (बागेश्वर), सुरेश डिमरी (चमोली), चिराग सिंह फर्त्याल (चंपावत), राहुल छिमवाल (नैनीताल) और बालेश्वर सिंह (हरिद्वार) को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, विनोद सिंह नेगी (पौड़ी गढ़वाल), मुकेश पंत (पिथौरागढ़), कुलदीप कंडारी (रुद्रप्रयाग), मुराली लाल खंडवाल (टिहरी गढ़वाल), हिमांशु गाबा (उधम सिंह नगर) और प्रदीप सिंह रावत (उत्तरकाशी) को भी जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
शहर और महानगर स्तर पर भी नए अध्यक्षों की नियुक्ति हुई है। जसविंदर सिंह गोगी को देहरादून महानगर कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा उत्तम असवाल (देवप्रयाग), संजय किशोर (पछवादून), मोहित उनियाल (परवादून), गोविंद सिंह बिष्ट (हल्द्वानी), अलका पाल (काशीपुर), ममता रानी (रुद्रपुर), मनोहर सिंह टोलिया (डीडीहाट), अमन गर्ग (हरिद्वार महानगर), विकास नेगी (कोटद्वार), मीना देवी (कोटद्वार शहर), दिनेश चौहान (पुरोला), दीपक किरोला (रानीखेत), फुरकान अहमद (रुड़की) और राजेंद्र कुमार चौधरी (रुड़की शहर) को भी अध्यक्ष बनाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, नए अध्यक्ष गणेश गोदियाल को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।




