खबर सच है संवाददाता
रुद्रप्रयाग। यहां बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर सोमवार देर रात एक बोलेरो वाहन के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय वाहन में करीब 10 लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही थी। इसी दौरान बांसवाड़ा-मोहनखाल मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही अगस्त्यमुनि कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। सीओ रुद्रप्रयाग सहित पुलिस और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान खाई में गिरे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।




