खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। महीनों की मोहलत, नोटिस और चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर आखिरकार प्रशासन का बुलडोजर चल गया। तीनपानी से नरीमन चौराहे होते हुए काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन और यूयूएसडीए की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अब और मोहलत नहीं मिलेगी।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के मुताबिक, नैनीताल-बरेली मार्ग शहर का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव रहता है और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सड़क चौड़ीकरण जरूरी है। अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को आठ से नौ महीने पहले ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। बरसात और दशहरे के त्योहार को देखते हुए अतिरिक्त समय भी दिया गया, लेकिन समयसीमा बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए गए। आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क के शेष हिस्से से भी अतिक्रमण हटाया जाएगा। अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार कुलदीप पांडे, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक गुरप्रीत देओल सहित प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम मौजूद रही।
नैनीताल-बरेली मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।




