खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। आम्रपाली विश्वविद्यालय में होटल प्रबंधन विभाग द्वारा टीम द्वारा दो दिवसीय बीसवीं राष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी टैंलेंट हंट प्रतियोगिता ‘अभ्युदय- 2026‘ का शनिवार (आज) समापन हो गया। अभ्युदय 2026 के समन्वयक डॉ विनोद नेगी ने बताया कि प्रतियोगिता में आम्रपाली विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों के अतिरिक्त जीआईएचएम वडोदरा,ऐमिटी विश्वविद्यालय जयपुर,यूआईएचटीएम पंजाब विश्वविद्यालय, ऐमिटी विश्वविद्यालय नौएडा, जीएफएसआई आगरा,बीसीआईएचएम दिल्ली,आईएचएम देहरादून,जीआईएचएम देहरादून, क्वांटम विश्वविद्यालय देहरादून, ग्राफिकएरा विश्वविद्यालय देहरादून, सर्वो इंस्टीट्यूट देहरादून, आईएचएमएस कोटद्वार, एसआरएम बरेली, रेनेसां इंस्टीट्यूट रामनगर, केआईटीएम खटीमा आदि 20 संस्थानो ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रति कुलपति प्रो एस के सिंह, निर्णायक मण्डल तथा अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। अभ्युदय 2026 के अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सी एल ढींगरा, सीईओ डॉ संजय ढींगरा, सचिव बिन्दू चावला एवं संयुक्त सचिव मयंक ढींगरा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी एवं होटल प्रबंधन विभाग की टीम को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
इस वर्ष देश के पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न गणमान्य व्यक्ति जैसे रॉयल कॅरेबियन इन्टरनेशनल के भूतपूर्व एक्जीक्यूटिव शैफ जय कुमार भसीन, टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्किल काउंसिल की मुख्य प्रबंधक रेखा शर्मा, होटल लीला बेंगलूरु के सू शेफ नवीन जोशी, मोनिका एल्कोव के ब्राण्ड ऐम्बेसडर प्रखर सिंघला, बारटेंडिंग मैनेजमेंट के निदेशक मनीष सती, मैरियट होटल रामनगर के मुख्य प्रबंधक पवन चाहर, महिन्द्रा होलिडेज के सहायक मुख्य प्रबंधक मानव संसाधन कुलजीत सिंह, मैरियट होटल रामनगर के मानव संसाधन प्रबंधक रविन्द्र सिंह करासी, प्राइड होटल के मुख्य प्रबंधक नटवर सिंह आदि इस कार्यक्रम में निर्णायक के रूप में मौजूद रहे।
प्रथम दिवस में भारतीय कुलिनरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अनूठे क्षेत्रीय व्यंजनों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जिसमें बंगाली, चेट्टीनाड, चम्पारन, केरल, उत्तराखण्ड, बिहार, राजस्थान, पंजाब, अवध और उडिया कुजीन आदि प्रमुख थे। दूसरे चरण में हाउस कीपिंग स्किल प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने फूलों द्वारा की जाने वाली भिन्न-भिन्न सजावटों का प्रदर्शन किया जिनमें राउन्ड फ्लावर अरेजमेन्ट, क्रिश्चन वेडिंग थीम, मोरीबाना, क्रेसेंट शेप, हॉगर्थ शेप आदि मुख्य थीं। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने घड़ों और सुराहियों को सजाकर उच्चतरकला के उत्कृष्ट नमूने पेश किये। प्रतिभागियों ने तौलियों द्वारा विभिन्न कलाकृतियॉ जैसे दूल्हा, दुल्हन, गाय, कमल, हंस, पेंगविन आदि बनाकर अपने हुनर का बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीसरे चरण पेतिसरी और कन्फेक्शनरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने योरूमीसों टार्ट, चॉकलेट सूफ्ले, मोल्डेड चॉकलेट केक, मैगों टार्ट, रोचर, कॅाफी ब्लिस, बॉनबॉन, चॉकलेट क्रुक्वेंट आदि का प्रदर्शन किया। चौथे चरण बार टेंडिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जगलिंग से जजों का मन मोह लिया तथा विभिन्न प्रकार के कॉकटेल्स बनाए जिनमें ओल्डफैशन, स्कू्रड्राइवर एकुफुरस, न्यूयार्क व्हिस्की सार, कॉस्मोपॉलिटन, टकीला सनराइज इत्यादि मुख्य थे। पॉचवे चरण में ट्रॉसफॅारर्मेशन ऑफ वेस्ट टू वन्डरफुल प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पुरानी खराब वस्तुओं, रद्दी कागज, गत्ते के डिब्बे,अनुपयोगी तौलिए, पैट बोतल आदि का प्रयोग करके कलात्मक उपयोगी वस्तुओं जैसे राममन्दिर, इण्डियागेट, कुर्सी, टेबल, टेबल लैंप, वॉल हैंगिंग आदि का निर्माण किया एवं दुनियॉ को गो ग्रीन और अपशिष्ट रहित संसार का संदेश दिया। छठे चरण में अध्ययन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग में समय समय पर होने वाली घटनाओं एवं समस्याओं की केस स्टडी को सुलझा कर अपने निर्णय लेने की क्षमता को प्रदर्शित किया।
दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रथम चरण में अन्तर्राष्ट्रीय कुलिनरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों कॅान्टीनेन्टल, जापानी, चाईनीज, फ्रेंच, लैबनीज, कैरिबियन और इटैलियन आदि कुजीन का प्रदर्शन किया। दूसरे चरण में चली ड्रेस द केक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने केक पर क्रीम, फॉन्डेन्ट, रॉयल आइसिंग शुगर एवं विभिन्न प्रकार की केक ड्रेसिंग से मन मोहक केक बनाए। तीसरे चरण ब्रेन ट्विस्टर हॉस्पिटैलिटी क्विज़ में प्रतिभागियों ने आतिथ्य उद्योग से जुड़े सवालों के जवाब दिये। चौथे व अंतिम चरण मास्टर शेफ मिस्ट्री बास्केट कुलिनरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बिना किसी पूर्व जानकारी के उपलब्ध कराये गये कच्चा समान एंव मसालों से विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन बनाए।
कार्यक्रम के सह समन्वयक सुमित जोशी ने अतिथियों, निर्णायक मंडल, विभिन्न संस्थानों के शिक्षकगण एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा बताया कि अभ्युदय प्रतियोगिता के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग के विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है जिसमें वह अर्न्तराष्ट्रीय स्तर के कौशल का प्रदर्शन कर सकें व विशेषज्ञों की उपस्थिति में अपनी कला को और निखार सकें। उन्होंने बताया कि अभ्युदय- 2026 प्रतियोगिता को आतिथ्य एवं पर्यटन उद्योग की प्रसिद्ध मासिक पत्रिका आहारवेज़, हिमफ्ला पहाडी पिसी नूण, मोनिन, द नाईन होटल, करामात, रति, मॉ अन्नपूर्णा केटर्स, मोनिका एल्कोबेव, एसपी यूनीफॉर्म, आईबीएम आदि के सहयोग से आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन द्वारा निर्णायक मण्डल के सदस्यों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया एंव विजयी प्रतिभागियों को पुरूस्कार वितरित किया गया।
आम्रपाली विश्ववि़द्यालय के प्रतिकुलपति प्रो एस के सिंह ने कहा कि अभ्युदय प्रतियोगिता का प्रमुख उदेद्श्य विद्यार्थियों के व्यवसायिक कौशल को निखार कर उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना है। साथ ही आज के बदलते हुऐ तकनीकी परिवेश में विद्यार्थियों को विद्यटनकारी प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुऐ अपने उन्नयन के लिए प्रयासरत् रहना चाहिए। बताया कि आम्रपाली विश्वविद्यालय इस प्रतियोगिता का आयोजन पिछले 20 वर्षो से लगातार करा रहा है।
इस अवसर पर आम्रपाली विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो एस के सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो एम के पाण्डेय, विभिन्न संकायों के डीन, प्राचार्य अधिकारी गण, शिक्षक तथा छात्र कार्यक्रम में उपस्थित थे तथा उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी।