खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। शैमफोर्ड स्कूल, हल्द्वानी में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए करियर एवं यूनिवर्सिटी फेयर का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के विभिन्न अवसरों, करियर की संभावनाओं तथा भविष्य के लिए सही शैक्षणिक संस्थान और पाठ्यक्रम चुनने में मार्गदर्शन प्रदान करना था।
इस अवसर पर देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इनमें प्रमुख रूप से एमिटी यूनिवर्सिटी, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी,गीता यूनिवर्सिटी, ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, CGC यूनिवर्सिटी, COER यूनिवर्सिटी, मास्टर्स यूनियन, माइंड पावर यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, UPES, DIT यूनिवर्सिटी, डीबीएस ग्लोबल यूनिवर्सिटी, क्वांटम यूनिवर्सिटी, जेबीआईटी, अमरपाली यूनिवर्सिटी एवं अपोलो यूनिवर्सिटी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों एवं अनुभवी करियर काउंसलर्स ने विद्यार्थियों को विज्ञान, वाणिज्य एवं मानविकी सहित विभिन्न शैक्षणिक संकायों सेजुड़े करियर विकल्पों की जानकारी दी। इसके साथ ही इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, लॉ, डिजाइन, मीडिया, कंप्यूटर साइंस, आईटी एवं अन्य उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध पाठ्यक्रमों और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को विश्वविद्यालयों की प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता मानदंड, स्कॉलरशिप,उच्चशिक्षा के लिए आवश्यक योग्यताओं तथा भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मक चुनौतियों से भी अवगत कराया गया।विद्यार्थियों ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के स्टॉल पर जाकर प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया और अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप पाठ्यक्रमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या संतोष पाण्डेय ने कहा कि आज के इस प्रतिस्पर्धात्मक दौर में विद्यार्थियों के लिए समय रहते अपने करियर लक्ष्य निर्धारित करना और सही दिशा में तैयारी करना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक विकल्पों से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने में आत्मविश्वास प्रदान करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शैमफोर्ड स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, चेयरपर्सन ऋचा बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पाण्डेय, शिक्षकगण एवं काउंसलिंग टीम उपस्थित रही।