खबर सच है संवाददाता
हल्द्वानी। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को दस दिवसीय सरस आजीविका मेले का भव्य शुभारंभ राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। आगामी 03 दिसंबर तक चलने वाले इस मेले में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और लोकसंस्कृति की अनूठी झलक देखने को मिलेगी।

शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा सरस आजीविका मेला मातृशक्ति द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों को बेहतर मंच और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मेले के माध्यम से लोगों को देश के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट एवं पारंपरिक उत्पादों को करीब से जानने-समझने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा इस प्रकार के आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कहा कि मेले में शुद्ध देशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलने के साथही उनकी आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। इसका लाभ उत्पादकों और उपभोक्ताओं दोनों को मिलेगा। उत्पादकों को अपने उत्पादों के लिए बाजार मिलेगा, वहीं जरूरतमंद उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। मेले का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों, हस्तशिल्प एवं कला कृतियों को विपणन का बेहतर अवसर देने के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों के महिला समूहों को एक-दूसरे की कला, संस्कृति और कार्यशैली से परिचित कराना भी है।
मेले के शुभारंभ अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। कुमाऊँ सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, नैनीताल के कलाकारों ने ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर पारंपरिक छपेली लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं से सजी इस प्रस्तुति ने कुमाऊं की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत को जीवंत कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखंड की लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की जीवनशैली की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
सरस आजीविका मेला जहां एक ओर ग्रामीण महिलाओं के हुनर, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई पहचान देने का माध्यम बनेगा, वहीं दूसरी ओर विभिन्न राज्यों की लोककला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों के आदान-प्रदान का भी महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।




