मनोज कुमार पाण्डे ✍️
देश की राजनीति में कभी जातिगत जनगणना को सामाजिक विभाजन का आधार बताकर सवालों के घेरे में खड़ा किया जाता था। आज वही जातिगत जनगणना राजनीतिक विमर्श के केंद्र में है। भारतीय जनता पार्टी, जो कभी कांग्रेस की जातिगत राजनीति और नीतियों को लेकर सवाल उठाती रही, आज स्वयं जातिगत जनगणना की पैरवी कर रही है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या राजनीति में सिद्धांतों का कोई स्थायी महत्व रह गया है या सत्ता और चुनावी समीकरणों के अनुसार विचारधाराएं भी बदल जाती हैं?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा लगातार यह संदेश देने का प्रयास कर रहे हैं कि देश बदल रहा है, हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है और सरकार सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है।लेकिन सवाल यह है कि क्या केवल घोषणाओं और राजनीतिक नारों से सामाजिक न्याय सुनिश्चित हो सकता है? क्या विकास का अर्थ समाज के किसी एक वर्ग को दूसरे के विरुद्ध खड़ा करना है?
जातिगत जनगणना का समर्थन करना अपने आप में गलत नहीं है, यदि उसका उद्देश्य समाज के वास्तविक सामाजिक और आर्थिक हालात को समझना, वंचित वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और असमानता दूर करना है। लेकिन जब यही मुद्दा राजनीतिक लाभ और वोटों के ध्रुवीकरण का माध्यम बनता दिखाई दे, तब उसकी मंशा पर सवाल उठना भी लाजिमी है।
इसी बीच विश्वविद्यालय अनुदान आयोग(यूजीसी) के नए प्रावधानों को लेकर भी समाज में बहस और असंतोष सामने आया है। उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव रोकना और प्रत्येक विद्यार्थी को समान अवसर देना निश्चित रूप से जरूरी है। किसी भी विद्यार्थी के साथ जाति, धर्म या सामाजिक पहचान के आधार पर अन्याय नहीं होना चाहिए। लेकिन इसके साथ यह भी सुनिश्चित करना सरकार और यूजीसी की जिम्मेदारी है कि नियम निष्पक्ष हों, उनका दुरुपयोग न हो और किसी भी वर्ग के विद्यार्थियों में भेदभाव या असुरक्षा की भावना पैदा न हो।
सामाजिक न्याय के नाम पर किसी एक वर्ग की चिंताओं को नजरअंदाज करना भी न्याय की भावना के विपरीत है। सवाल आरक्षण या किसी वर्ग के अधिकारों का विरोध करने का नहीं, बल्कि समानता, पारदर्शिता और सभी नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा का है।
आज देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी से यह पूछने का हक रखती है कि क्या उनकी सरकार वास्तव में कांग्रेस से बेहतर शासन और नीतियां दे रही है? क्या देश को जातियों और वर्गों में बांटने वाली राजनीति से ऊपर उठाया जा रहा है? क्या सवर्ण समाज सहित प्रत्येक वर्ग के अधिकारों और हितों की समान रूप से रक्षा हो रही है?
लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना विरोध नहीं, बल्कि नागरिकों का अधिकार और जिम्मेदारी है। देश को विकास चाहिए, लेकिन ऐसा विकास नहीं जिसमें समाज के बीच अविश्वास बढ़े। देश को सामाजिक न्याय चाहिए, लेकिन ऐसा न्याय भी नहीं जिसमें किसी दूसरे वर्ग को अपने अधिकारों के प्रति आशंकित होना पड़े।
आखिर सवाल सिर्फ इतना है कि सत्ता में आने के बाद राजनीति के मानदंड बदल जाना क्या उचित है? यदि कांग्रेस की नीतियां गलत थीं तो उन्हीं नीतियों को नए नाम और नए राजनीतिक तर्कों के साथ अपनाने का औचित्य क्या है? और यदि भाजपा की मौजूदा नीतियां सही हैं तो जनता को यह भरोसा कौन दिलाएगा कि इनके क्रियान्वयन में किसी भी वर्ग के साथ अन्याय नहीं होगा?
क्योंकि देश केवल सरकार बदलने से नहीं बदलता, देश तब बदलता है जब नीतियों में निष्पक्षता, शासन में पारदर्शिता और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए समान सम्मान दिखाई देता है।
सवाल सत्ता से है, जवाब भी सत्ता को ही देना होगा।