उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक स्थित हरकीदून घाटी के पवाणी गांव में मंगलवार शाम भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचा दी। शाम करीब साढ़े चार बजे एक मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों के बीच मकानों में रखे गैस सिलेंडर भी फटने लगे। करीब पांच से छह सिलेंडरों के धमाकों से आग और भड़क गई। भीषण अग्निकांड में गांव के 46 मकानों में से 33 पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय की इमारत भी आग की भेंट चढ़ गई। हादसे के बाद करीब 58 परिवार बेघर हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना पर मोरी तहसील से पुलिस, राजस्व विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। दुर्गम क्षेत्र में सड़क और दूरी की चुनौती के कारण राहत एवं बचाव दलों को गांव तक पहुंचने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। तब तक आग गांव के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में लेकर मकानों को खाक कर चुकी थी। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गई।
तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस, राजस्व, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। अग्निशमन विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी है। प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्काल प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनके लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
प्रशासन के अनुसार अग्निकांड में 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर नष्ट हुए हैं। पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालांकि बड़ी संख्या में परिवारों के आशियाने उजड़ने से गांव में संकट की स्थिति बनी हुई है। प्रभावितों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के साथ उनके रहने और खाने की व्यवस्था करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।




