खबर सच है संवाददाता
रुद्रप्रयाग। यहां पर्यटन स्थल चोपता के एक होमस्टे में ठहरे विदेशी पर्यटकों ने होमस्टे के मालिक और कर्मचारियों पर मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार कुछ विदेशी पर्यटक पिछले चार दिनों से रूद्रप्रयाग के चोपता स्थित एक बंकर हाउस होमस्टे में ठहरे हुए थे। जब वे चेकआउट करने लगे तो होमस्टे के मालिक और कर्मचारियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पर्यटकों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर मंडल पुलिस चौकी में शरण ली और पूरी घटना की जानकारी दी।
एक पर्यटक ने आरोपलगाया कि होमस्टे संचालक ने उनके लगभग 8 लाख रुपये की नकदी और कीमती सामान भी चुरा लिए। विदेशी पर्यटकों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने पर्यटकों की शिकायत दर्ज कर ली है। मामला अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों से जुड़ा होने के कारण स्थानीय प्रशासन और पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल क्षेत्र की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि राज्य के पर्यटन पर भी नकारात्मक असर डालती हैं।
थाना अध्यक्ष उखीमठ मुकेश चौहान ने जानकारी दी कि मामला गाइड और होमस्टे संचालक के बीच आपसी विवाद का है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है और मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
चोपता जिसे ‘छोटा स्विट्जरलैंड’ के नाम से जाना जाता है और रुद्रप्रयाग जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। यह स्थान अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बुग्यालों और हिमालयी ट्रैकिंग रूट्स के लिए प्रसिद्ध है। सर्दियों में यहां भारी संख्या में पर्यटक, खासकर विदेशी सैलानी बर्फबारी का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के विश्वास को प्रभावित कर सकती हैं।




