खबर सच है संवाददाता
रामनगर। जंगल से सटे इलाकों में बाघ की दहशत के बीच बुधवार सुबह रामनगर में रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई। अपनी पत्नी के साथ बाइक से मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे एक व्यक्ति पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। हमले में दंपती बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े।इसके बाद बाघ ने महिला का हाथ अपने जबड़े में दबोच लिया और उसे घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगा। पत्नी को मौत के मुंह में जाता देख पति ने अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ का पीछा शुरू कर दिया। पति के अदम्य साहस और आसपास मौजूद लोगों के शोरगुल के आगे आखिरकार बाघ को महिला को छोड़कर जंगल में भागना पड़ा। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, टेड़ा गांव निवासी दर्शन सिंह बुधवार सुबह अपनी पत्नी बबली देवी (50) के साथ बाइक से मवेशियों के लिए चारा लेने जा रहे थे। इसी दौरान अचानक रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र में जंगल की ओर से निकले बाघ ने उनकी बाइक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों सड़क पर जा गिरे।इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बाघ ने बबली देवी को अपने कब्जे में ले लिया और उनका हाथ जबड़े में दबाकर जंगल की ओर घसीटने लगा।
पत्नी को बाघ के जबड़े में फंसा देख दर्शन सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना बाघ का पीछा करना शुरू कर दिया और जोर-जोर से आवाज लगाकर आसपास मौजूद लोगों तथा राहगीरों से मदद मांगी।बताया जा रहा है कि इस दौरान बाघ ने दर्शन सिंह की ओर भी झपटने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हौसला नहीं छोड़ा।पति के लगातार पीछा करने और लोगों के एकत्र होकर शोर मचाने से बाघ घबरा गया और महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
दर्शन सिंह के इस साहस ने उनकी पत्नी की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, बाघ के हमले में बबली देवी के हाथ पर दांतों के गहरे निशान आएहैं।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।घायल महिला को पर्यटकों की जिप्सी की मदद से रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला ने बताया कि घटनास्थल के आसपास वन विभाग की गश्त बढ़ा दी गई है। बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना से ग्रामीणों में दहशत
दिनदहाड़े बाघ के इस हमले के बाद टेड़ा गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल से सटे रास्तों पर वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही के चलते अब रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकलना भी जोखिम भरा होता जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने, बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।




